11 अप्रैल 2017

झरिया विधायक संजीव सिंह ने रची थी नीरज सिंह के हत्‍या की साजिश

पटना Live डेस्क। धनबाद के चर्चित नीरज सिंह हत्याकांड के 22वें दिन बाद झारखंड पुलिस की जांच टीम ने बड़ा खुलासा किया है। बोकारो डीआईजी साकेत कुमार सिंह ने प्रेसकांफ्रेंस कर बताया कि झरिया के भाजपा एमएलए संजीव सिंह ने ही हत्याकांड की साजिश रची थी। गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद विधायक ने पुलिस अधिकारियों को फोन कर खुद सरेंडर करने की इच्छा जतायी। इसके बाद अपराह्न लगभग दो बजे विधायक अपने समर्थकों के साथ सरायढेला थाना पहुंचे। नीरज सिंह हत्याकांड संजीव सिंह के सरायढेला थाना में आत्मसमर्पण करने के बाद बाहर बड़ी संख्या में भाजपा एवं जमसं समर्थक पहुंच गये।सिंह मैंशन से सरायढेला थाना के बीच संजीव समर्थक नारेबाजी भी कर रहे थे।
                             झरिया के भाजपा विधायक के सरेंडर करने के बाद बोकारो रेंज के डीआइजी साकेत कुमार सिंह धनबाद के एसएसपी मनोज रतन चोथे  सिटी एसपी अंशुमान कुमार सरायढेला थाना पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने यहां काफी देर तक झरिया विधायक से पूछ-ताछ की। इस दौरान इस कांड में गिरफ्तार डबलू मिश्रा को भी सरायढेला थाना बुलाया गया था। डबलू पर ही शूटरों को कुसुम विहार में घर दिलवाने का आरोप है।बाद में डीआइजी ने विधायक की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि विधायक से पोलोग्राफी टेस्ट का भी आग्रह किया जायेगा।
                          धनबाद पुलिस ने पहले दंडाधिकारी के कोर्ट से इस हत्याकांड के नामजद आरोपी झरिया विधायक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लिया। पुलिस ने कोर्ट से संजीव सिंह के खिलाफ सर्च वारंट भी लिया है। संजीव सिंह को आज स्‍थानीय कोर्ट में पेश किया गया और उसके बाद उन्‍हें 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया गया। पुलिस संजीव सिंह को रिमांड पर ले सकती है। संजीव सिंह का पोलीग्राफी टेस्‍ट भी करवाया जा सकता है। इससे पहले कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होते ही धनबाद में पुलिस एवं संजीव समर्थकों की गतिविधियां तेज हो गयी। विधायक समर्थक मैंशन पहुंचने लगे।फिर घोषणा हुई की विधायक खुद सरेंडर करने जायेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी की गयी थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें